बक्सर। छठ महापर्व के दौरान व्रतियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। जिले में इस वर्ष 44 घाटों एवं संवेदनशील तालाबों को चिह्नित कर वहां गोताखोरों और नाविकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पिछले वर्ष 32 स्थानों पर गोताखोरों एवं नाविकों की तैनाती की गई थी।
इस बार सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 12 अतिरिक्त स्थानों पर व्यवस्था बढ़ाई गई है।
सदर अंचलाधिकारी राहुल कुमार की ओर से इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित थानाध्यक्षों द्वारा अनुशंसित सभी घाटों एवं संवेदनशील तालाबों पर गोताखोर और नाविक उपलब्ध कराए गए हैं। छठ पर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
औद्योगिक थाना क्षेत्र के घाटों पर प्रतिनियुक्त गोताखोरों एवं नाविकों के समन्वय की जिम्मेदारी मिथिलेश मांझी को सौंपी गई है। उनका मोबाइल नंबर 9608841252 है। वहीं, नगर थाना क्षेत्र के घाटों पर तैनात गोताखोरों एवं नाविकों के समन्वय की जिम्मेदारी राज कुमार चौधरी को दी गई है। उनका मोबाइल नंबर 7667863081 है।
निर्देश दिया गया है कि संबंधित क्षेत्र में प्रतिनियुक्त गोताखोर या नाविक से संपर्क नहीं होने अथवा किसी अन्य परिस्थिति में दोनों समन्वयक आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करेंगे।जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि घाटों पर प्रतिनियुक्त गोताखोरों एवं नाविकों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।
साथ ही, सभी नाविकों एवं गोताखोरों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने निर्धारित घाटों पर सुबह एवं शाम के समय मौजूद रहें और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने घाटों पर सतर्कता बरतने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की तैयारी की है।




