बक्सर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बक्सर में राष्ट्रीय गणित दिवस एवं राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर आयोजित प्रतिभा खोज परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुईं।
बिहार काउंसिल ऑन साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से आयोजित श्रीनिवास रामानुजन टैलेंट सर्च टेस्ट इन मैथमेटिक्स-2026 और सर सीवी रमन टैलेंट सर्च टेस्ट इन साइंस-2027 में कक्षा छह से नौ तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
25 और 26 नवंबर को आयोजित इन परीक्षाओं के लिए करीब 700 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें लगभग 550 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम नरेश राय के निर्देशन में किया गया।
प्राचार्य ने कहा कि गणित और विज्ञान विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
परीक्षा के सफल संचालन में समन्वयक डॉ. अतुल श्रीवास्तव तथा सह-समन्वयक डॉ. अनुराग गुप्ता और डॉ. प्रेम लता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्राचार्य ने परीक्षा शाखा, शिक्षकों एवं कर्मियों के सहयोग की सराहना की।




