बक्सर। शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सत्र 2026-27 की परीक्षा में टॉप फाइव स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रमाण पत्र और पुस्तकें देकर पुरस्कृत किया गया। इस दौरान अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने और उनका मनोबल मजबूत करने के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने से अन्य बच्चों को भी मेहनत करने की प्रेरणा मिलती है।वहीं, उप प्राचार्य विनय कुमार तिवारी ने कहा कि सम्मान समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम के लिए प्रेरित करना है।
विद्यालय के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रबंधन ने विशेष पहल करते हुए 10 दिसंबर तक प्री-नर्सरी, नर्सरी और एलकेजी में मुफ्त नामांकन की सुविधा शुरू की है। इसके साथ ही नामांकित बच्चों को पुस्तकें भी निःशुल्क दी जा रही हैं। विद्यालय प्रबंधन की इस पहल से अभिभावकों को प्रारंभिक शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।




