बक्सर। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बक्सर अनुमंडल क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने रामरेखा घाट, सिपाही घाट, महादेवा घाट और रानी घाट का जायजा लेकर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर परिषद बक्सर एवं नगर पंचायत चौसा के कार्यपालक पदाधिकारियों को सभी छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत, घाटों की समुचित साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अंचलाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति करने तथा गंगा नदी में मजबूत बैरिकेडिंग कराने को कहा। साथ ही सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरा करने का निर्देश दिया।
एसपी शुभम आर्य ने प्रमुख छठ घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने का निर्देश दिया। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित एवं सुरक्षित छठ घाटों पर ही अर्घ्य अर्पित करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का लक्ष्य छठ महापर्व को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराना है।




