बक्सर। धनसोई थाना क्षेत्र के मनिया गांव के समीप शुक्रवार की सुबह नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के दुल्फा गांव निवासी गोल्डन कुमार, पिता श्रीनिवास कुशवाहा के रूप में हुई है। घटनास्थल पर मृतक की बाइक भी गिरी हुई मिली। वहीं, पास में सरसों तेल, मसाला, प्याज और लहसुन समेत किराना का सामान बिखरा पड़ा था।
सुबह ग्रामीणों की नजर पड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही धनसोई थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया जा रहा है। फिलहाल घटनास्थल पर परिजन नहीं पहुंचे हैं।
पुलिस सड़क दुर्घटना समेत अन्य संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों के पहुंचने के बाद युवक के घर से निकलने और घटनास्थल तक पहुंचने के संबंध में जानकारी मिल सकेगी। घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा।




