बक्सर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की प्रवर्तन टीम ने गुरुवार को विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान निर्धारित नो-एंट्री अवधि समाप्त होने के बाद डीएवी मोड़ स्थित नए बाईपास मार्ग पर नियमों का उल्लंघन कर परिचालन कर रहे भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 51 ट्रकों का चालान काटते हुए 4 लाख 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।वहीं, शहर में सुबह से ही जेल पइन रोड और स्टेशन रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहने से राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई जगहों पर वाहनों की रफ्तार थम गई। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा। भारी वाहनों के परिचालन और यातायात दबाव के कारण शहर की सड़कों पर जाम की समस्या बनी रही।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों को निर्धारित नो-एंट्री नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।




