मुख्य खबरों पर जाएं
बक्सर की आवाज़ • आपके साथ
बिहार • भोजपुर • आरा • बक्सर
होम / खबर
बक्सर

बक्सर में राज्यस्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ।

डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने किया उद्घाटन, अंतरराष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता विजेंद्र राय सम्मानित। बक्सर।

बक्सर में राज्यस्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता भव्य शुभारंभ। से संबंधित तस्वीर

डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने किया उद्घाटन, अंतरराष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता विजेंद्र राय सम्मानित।

बक्सर। स्थानीय एमपी उच्च विद्यालय के खेल मैदान में मंगलवार को तीन दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में नौ प्रमंडलों और एक एकलव्य टीम के कुल 360 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 27 से 29 अक्टूबर तक चलेगी।

कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न प्रमंडलों से आए खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी।

छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक बनाया। खिलाड़ियों को खेल भावना और निष्पक्षता के साथ खेलने की शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर पहले मैच की शुरुआत कराई।

मौके पर डीएम ने अंतरराष्ट्रीय तैराकी पदक विजेता विजेंद्र राय को शॉल, बुके, मोमेंटो, सम्मान पत्र और पौधा देकर सम्मानित किया। वहीं, राष्ट्रीय तीरंदाज मुक्ति नारायण पाठक के मार्गदर्शन में एमपी उच्च विद्यालय में धनुर्विद्या प्रशिक्षण की भी शुरुआत हुई। डीएम ने फीता काटकर और लक्ष्य पर निशाना लगाकर इसका उद्घाटन किया।पहले दिन पटना, दरभंगा, भागलपुर, मुंगेर और मगध की टीमों का दबदबा रहा।

अंडर-14 वर्ग में पटना ने दरभंगा को पांच अंक और भागलपुर ने तिरहुत को चार अंक से हराया। मुंगेर ने पूर्णिया को 10 अंक तथा मगध ने कोसी को छह अंक से पराजित किया। अंडर-17 में पटना ने दरभंगा को दो अंक और मुंगेर ने कोसी को 15 अंक से हराया। वहीं, अंडर-19 वर्ग में दरभंगा ने पूर्णिया को 11 अंक से शिकस्त दी। प्रतियोगिता के मुकाबले अगले दो दिनों तक जारी रहेंगे।

← प्रमुख खबरें पढ़ें