बक्सर। राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बक्सर में शनिवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, उपस्थिति, अनुशासन और व्यवहार की जानकारी शिक्षकों से प्राप्त की।
बैठक का उद्देश्य शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना था।इस दौरान विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने अभिभावकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर विद्यार्थियों के प्रदर्शन और पढ़ाई में सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की। अभिभावकों ने भी अपने सुझाव साझा किए।
प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राम नरेश राय ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों और शिक्षकों की संयुक्त भूमिका महत्वपूर्ण है। नियमित संवाद से विद्यार्थियों की समस्याओं को समझकर उनका समाधान किया जा सकता है।
वहीं, डीन एकेडमिक डॉ. श्यामलाल वर्मा ने कहा कि शैक्षणिक सफलता के लिए संस्थान और परिवार के बीच निरंतर समन्वय जरूरी है। अभिभावकों से मिले सुझावों के आधार पर विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
बैठक के सफल आयोजन में सभी विभागाध्यक्षों, परीक्षा नियंत्रक, रजिस्ट्रार, छात्रावास के मुख्य वार्डन एवं अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




