गोपालगंज, हमारे प्रतिनिधि। थावे मां भवानी मंदिर में चोरीकांड के मामले में ऐतिहासिक रूप से महज आठ महीने में ट्रायल पूरा कर सभी आरोपियों को सजा सुनाई गई। इस मामले में बेहतर भूमिका निभाने वाले पुलिस पदाधिकारियों और आम नागरिकों को शनिवार को थावे मंदिर परिसर में सम्मानित किया गया। गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी (आईपीएस) ने सभी को प्रशस्ति पत्र और नकद राशि देकर सम्मानित किया। इस दौरान पुलिस की तत्परता, बेहतर अनुसंधान और आम नागरिकों के सहयोग की सराहना की गई।
एसपी ने इस कार्रवाई को पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया। इस पहल से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाने के साथ आम लोगों को भी कानून व्यवस्था में सहयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया।




