बक्सर। धनतेरस एवं दीपावली त्योहार के मद्देनजर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बक्सर पुलिस ने रूट चार्ट जारी किया है। इसके तहत 6 नवंबर और 8 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों पर सभी प्रकार के बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। कुछ मार्गों पर आंशिक प्रतिबंध भी लगाया गया है।
पुलिस के निर्देश के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक तक केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति मिलेगी। थाना चौक से नाथ बाबा पुल, थाना चौक से रामरेखाघाट होते हुए पीपी रोड और मठिया मोहल्ला पुल तक, मुनिम चौक से जमुना चौक, ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक तक तथा सिंडिकेट से थाना चौक तक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
चारपहिया वाहनों के लिए दो वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। पहला गोलंबर से बाईपास, ज्योति चौक, आईटीआई रोड होते हुए मठिया मोड़ तक तथा दूसरा गोलंबर से सिंडिकेट, ज्योति चौक, अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी तक रहेगा।वहीं, ई-रिक्शा एवं ऑटो के लिए भी तीन अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। इनमें गोलंबर से बाईपास होते हुए ज्योति चौक स्टेशन, ज्योति चौक से आईटीआई रोड, नाथ बाबा, नहर के रास्ते पुनः ज्योति चौक तथा ज्योति चौक से अंबेडकर चौक, बाजार समिति, नई बाजार होते हुए मठिया मोड़ तक का मार्ग शामिल है।
आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी छूटपुलिस ने स्पष्ट किया है कि मरीजों को ले जाने वाले वाहन, एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों के लिए कोई नो-एंट्री नहीं होगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से घर से निकलते समय रेलवे टिकट साथ रखने की अपील की गई है। आम नागरिकों से अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग नहीं करने और निर्धारित रूट का पालन करने का अनुरोध किया गया है।




