बक्सर। केंद्रीय राज्य गृह मंत्री नित्यानंद राय मंगलवार को बक्सर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवक के रूप में 25 वर्षों के गौरवशाली सफर के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उन्होंने जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
एमपी हाई स्कूल, बक्सर में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को केंद्रीय मंत्री ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के विचारों में विकसित भारत का सपना दिखाई देता है।
इसके बाद नित्यानंद राय ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने 1942 की अगस्त क्रांति में शहीद हुए डुमरांव के 21 अमर शहीदों की प्रतिमाओं एवं स्मृतियों पर भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।




