बक्सर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत कार्रवाई करते हुए बक्सर रेलवे स्टेशन से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद की गई है।
बरामद आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।रेलवे सुरक्षा बल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 27 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर वेटिंग हॉल के समीप गश्त के दौरान दोनों महिलाएं संदिग्ध स्थिति में मिलीं। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद कपड़े की पोटली से चांदी के आभूषण बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर कोलकाता से आ रही ट्रेन में एक यात्री के बैग से आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की।गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बांडेल निवासी लक्ष्मी पासी (48) और आसनसोल जिले के बराकर निवासी पूजा पासी (26) के रूप में हुई है। संयुक्त टीम में आरपीएफ के एएसआई योगेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रजेश राय, कांस्टेबल एसके सिंह और जीआरपी की एलसीटी प्रेम प्रकाश शामिल थीं।
आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बक्सर को सौंप दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपने सामान के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।




