बक्सर। दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर सोमवार को डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने बक्सर नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न पूजा स्थलों का संयुक्त निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने सिपाही घाट, मठिया मोड़, ज्योति चौक, खलासी मोहल्ला और किला मैदान सहित अन्य स्थानों पर पूजा की तैयारियों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आवागमन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की गई।
डीएम और एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया।अधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।




